May 19, 2026

जग्गी हत्याकांड में हाईकोर्ट सख्त: अमित जोगी की समय बढ़ाने की मांग खारिज, कल अंतिम सुनवाई

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित राम अवतार जग्गी हत्याकांड में आज हाईकोर्ट में महत्वपूर्ण सुनवाई हुई। अमित जोगी की ओर से अतिरिक्त समय मांगा गया, लेकिन कोर्ट ने इस मांग को सख्ती से खारिज कर दिया।

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की डिवीजन बेंच ने स्पष्ट किया कि अब मामले में और देरी नहीं की जाएगी। कोर्ट ने अगली तारीख तय करते हुए कहा कि कल इस केस में अंतिम सुनवाई होगी।

गौरतलब है कि 4 जून 2003 को एनसीपी नेता रामावतार जग्गी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में 2007 में निचली अदालत ने 28 आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई थी, जबकि अमित जोगी को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया गया था।

बाद में मामले को सुप्रीम कोर्ट ने दोबारा सुनवाई के लिए हाईकोर्ट भेजा, जहां अब अंतिम बहस के बाद जल्द फैसला आने की संभावना है।

इस बीच, अंतिम सुनवाई से पहले अमित जोगी ने रायपुर की लोवर कोर्ट से 50-50 हजार रुपए के निजी मुचलके पर जमानत ले ली है।

यह मामला अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है और पूरे प्रदेश की नजरें हाईकोर्ट के फैसले पर टिकी हुई हैं।