रामअवतार जग्गी हत्याकांड में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट द्वारा अमित जोगी को दोषी ठहराए जाने के बाद भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने इसे कर्मों का फल बताया है। उन्होंने रामचरितमानस की चौपाई के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया दी।
भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने गोस्वामी तुलसीदास द्वारा रचित रामचरितमानस की चौपाई “कर्म प्रधान विश्व रचि राखा, जो जस करहि सो तस फल चाखा” का उल्लेख करते हुए कहा कि व्यक्ति को उसके कर्मों का फल अवश्य मिलता है। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट ने जरूर साक्ष्यों के आधार पर ही यह फैसला सुनाया होगा।
मिश्रा ने कहा कि यदि अमित जोगी स्वयं को निर्दोष मानते हैं, तो उन्हें सुप्रीम कोर्ट का रुख करना चाहिए। उन्होंने मामले के पक्षकारों को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने लंबे समय तक न्याय के लिए संघर्ष किया।
इसके अलावा, मंत्रालय का अधिकारी बनकर निजी अस्पतालों से उगाही के मामले में कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों पर भी उन्होंने पलटवार किया। मिश्रा ने कहा कि यह जांच का विषय है और यह भी देखा जाना चाहिए कि यह गतिविधि कब से चल रही थी और किसके कार्यकाल में शुरू हुई।
वहीं पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी पर उन्होंने कहा कि पिछली सरकार द्वारा दी गई वैट में छूट की अवधि समाप्त होने के कारण कीमतों में एक रुपये की वृद्धि हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री को पत्र लिखकर आम जनता को राहत देने की बात कही।





