नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति में एक नया इतिहास रच दिया है। 9 जून 2026 को उनके प्रधानमंत्री पद पर 12 वर्ष पूरे हो गए हैं। इसके साथ ही वह देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने वाले नेता बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने पहली बार 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। वहीं 9 जून 2024 को उन्होंने लगातार तीसरी बार एनडीए सरकार का नेतृत्व करते हुए प्रधानमंत्री पद की शपथ ग्रहण की थी। 9 जून 2026 तक उनके कार्यकाल के कुल 4,398 दिन पूरे हो चुके हैं।
नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा
पंडित जवाहरलाल नेहरू ने 13 मई 1952 को पहली बार चुनाव जीतकर प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी और लगातार 4,397 दिनों तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया था। प्रधानमंत्री मोदी ने 4,398 दिन पूरे कर यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
हालांकि नेहरू 15 अगस्त 1947 से 27 मई 1964 तक प्रधानमंत्री रहे थे, लेकिन 1952 के पहले आम चुनाव तक वह अंतरिम सरकार के प्रमुख थे। इसी कारण निर्वाचित प्रधानमंत्री के कार्यकाल की गणना में 1952 से उनकी अवधि को आधार माना जाता है।
लगातार तीन बार प्रधानमंत्री बनने वाले दूसरे नेता
प्रधानमंत्री मोदी 2024 में लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने वाले देश के दूसरे नेता बने। उनसे पहले केवल पंडित जवाहरलाल नेहरू ही लगातार तीन लोकसभा चुनाव जीतकर प्रधानमंत्री बने थे।
सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक शासन करने वाले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री भी हैं। वह ऐसे पहले गैर-कांग्रेसी नेता हैं जिन्होंने लगातार दो बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई और तीसरी बार एनडीए गठबंधन का नेतृत्व कर रहे हैं।
शासन में भी बनाया रिकॉर्ड
मार्च 2026 में प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में अपने संयुक्त कार्यकाल के आधार पर एक और रिकॉर्ड बनाया था। वह 8,931 दिनों से अधिक समय तक शासन करने वाले देश के पहले राजनेता बने और उन्होंने पूर्व सिक्किम मुख्यमंत्री पवन चामलिंग का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।
10 जून को होगी एनडीए मुख्यमंत्रियों की बैठक
प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 10 जून को एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक आयोजित होगी। बैठक में सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की जाएगी। बताया जा रहा है कि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू एक प्रस्ताव पेश करेंगे, जिसका समर्थन एनडीए के अन्य सहयोगी दलों के नेता करेंगे।
आज़ाद भारत में जन्मे पहले प्रधानमंत्री
17 सितंबर 1950 को जन्मे नरेंद्र मोदी देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिनका जन्म भारत की स्वतंत्रता के बाद हुआ। उनसे पहले देश के सभी प्रधानमंत्री 1947 से पहले जन्मे थे।





