June 9, 2026

सूरजपुर में अवैध खनिज परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, कोयला और रेत से भरे वाहन जब्त

सूरजपुर। प्रदेश में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सूरजपुर जिले में खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कोयला और रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त कई वाहनों को जब्त करते हुए संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई राज्य सरकार की सुशासन नीति और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के संकल्प के तहत की गई।

कलेक्टर के निर्देश पर चला विशेष अभियान

कलेक्टर रेना जमील के निर्देशानुसार खनिज विभाग, जिला स्तरीय टास्कफोर्स और खनिज अमले द्वारा खनन प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में 7 जून को सूरजपुर तहसील के ग्राम पचिरा-मानी चौक मार्ग पर विशेष जांच अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान ग्राम बेलटिकरी के पास अवैध रूप से कोयला परिवहन करते हुए छह मोटरसाइकिलों को पकड़ा गया। इन वाहनों से लगभग पांच टन कोयला जब्त किया गया, जिसे सुरक्षार्थ पुलिस थाना सूरजपुर में रखा गया है।

रेत के अवैध परिवहन में भी कार्रवाई

खनिज विभाग ने ग्राम राजापुर, हर्राटिकरा और आसपास के क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन में संलिप्त तीन टिपर वाहनों के मालिकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। वहीं 8 जून को राजापुर रेत खदान क्षेत्र के औचक निरीक्षण के दौरान दो और टिपर वाहनों को अवैध रेत परिवहन करते हुए जब्त किया गया।

जब्त वाहनों और खनिज सामग्री को पुलिस थाना जयनगर के सुपुर्द कर दिया गया है तथा संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ खनिज नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

अभियान रहेगा जारी

खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन का कहना है कि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और राजस्व क्षति रोकने के लिए नियमित निरीक्षण एवं सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अवैध खनिज गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।