May 18, 2026

जांजगीर में ACB की बड़ी कार्रवाई: नवागढ़ नगर पंचायत का लेखापाल 8 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी (आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में एसीबी इकाई बिलासपुर ने जांजगीर जिले के नवागढ़ नगर पंचायत के एक लेखापाल को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

जानकारी के मुताबिक, नवागढ़ निवासी अब्दुल वहाब ने एसीबी से शिकायत की थी कि उनकी फर्म द्वारा वित्त वर्ष 2024-25 में अधोसंरचना और मरम्मत कार्य किए गए थे, जिसकी करीब 2.03 लाख रुपये की बिल राशि का चेक जारी करने के एवज में लेखापाल 16 हजार रुपये रिश्वत मांग रहा था। शिकायतकर्ता पहले ही 6 हजार रुपये दे चुका था, जबकि शेष राशि की मांग की जा रही थी।

मोलभाव के बाद 8 हजार में तय हुई रिश्वत
एसीबी द्वारा शिकायत का सत्यापन किया गया, जिसमें आरोप सही पाए गए। जांच के दौरान आरोपी ने 10 हजार रुपये की जगह 8 हजार रुपये लेने पर सहमति दी। इसके बाद एसीबी टीम ने ट्रैप प्लान तैयार किया।

रंगे हाथों पकड़ा गया आरोपी
20 मार्च को शिकायतकर्ता को रिश्वत की राशि देने भेजा गया। जैसे ही आरोपी ने पैसे लेकर अपनी कार में रखे, पहले से घात लगाए एसीबी टीम ने ग्राम सेमरा के पास उसे पकड़ लिया। आरोपी के पास से 8 हजार रुपये की रिश्वत राशि बरामद की गई।

कानूनी कार्रवाई जारी
एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

एक ही दिन में दूसरी बड़ी कार्रवाई
गौरतलब है कि इसी दिन एसीबी ने जिले के CSEB (छत्तीसगढ़ स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड) के ग्रामीण कार्यालय में छापा मारकर जेई, एई और कंप्यूटर ऑपरेटर सहित तीन कर्मचारियों को भी रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।

प्रदेश में एसीबी की लगातार कार्रवाई से भ्रष्ट अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है।