News:
जांजगीर। जांजगीर-चांपा जिले के जैजैपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत हसौद में झोलाछाप डॉक्टर द्वारा इंजेक्शन लगाने के बाद 10 वर्षीय बालक की मौत के मामले में जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। कलेक्टर अमृत विकास तोपनों ने घटना का संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य विभाग को तत्काल जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पूजा अग्रवाल ने मामले की जांच के लिए समिति का गठन किया है। यह समिति घटना की तथ्यात्मक, निष्पक्ष और विस्तृत जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
कलेक्टर अमृत विकास तोपनों ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर वास्तविक तथ्यों को सामने लाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। उन्होंने कहा कि लोगों के जीवन से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी बेहद आवश्यक है तथा जांच प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरी की जाएगी।
सीएमएचओ डॉ. पूजा अग्रवाल के अनुसार गठित जांच समिति में जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अधिकारी डॉ. पी. सिंह कंवर, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. आर.के. राज, जिला नोडल अधिकारी नर्सिंग होम एक्ट डॉ. सुदर्शन भारद्वाज, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. उमाशंकर साहू और सहायक ग्रेड-03 धनश्याम सुमन को शामिल किया गया है।
समिति को निर्देश दिया गया है कि वह पूरे घटनाक्रम, उपचार प्रक्रिया, संबंधित परिस्थितियों और उपलब्ध तथ्यों की बारीकी से जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करे। रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।





