March 5, 2026

जांजगीर-चांपा: एंटी करप्शन ब्यूरो ने तहसीलदार और पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

जांजगीर चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने तहसील कार्यालय में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने अतिरिक्त तहसीलदार करुणा आहेर और पटवारी आयुष ध्रुव को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार, चोरभट्टी धान खरीदी केंद्र के प्रभारी से दोनों अधिकारियों ने सरकारी काम कराने के बदले 35 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। लगातार दबाव और परेशान किए जाने से तंग आकर केंद्र प्रभारी ने इसकी शिकायत ACB से की।

शिकायत की पुष्टि होने के बाद ACB ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और आज दोनों अधिकारियों को मौके पर ही घूस की रकम के साथ पकड़ लिया। इस कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया

फिलहाल एसीबी की टीम दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।