Janjgir-Champa | 26 मार्च 2026
जांजगीर-चांपा। जिले में बुधवार रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार हाईवा वाहन ने सड़क किनारे बैठे गौवंशों को कुचल दिया। इस हादसे में 12 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना मुलमुला थाना क्षेत्र के रेमंड मोड़ चौक के पास की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवा वाहन को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया।
शराब के नशे में था चालक
अकलतरा एसडीओपी के अनुसार, रात करीब 8 बजे तिराहा के पास गौवंशों का झुंड बैठा हुआ था। इसी दौरान मुलमुला चौक की ओर से आ रही तेज रफ्तार हाईवा ने सभी मवेशियों को कुचल दिया।
हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन एक गाय वाहन के नीचे फंस जाने से हाईवा रुक गया। इस दौरान मौके पर पहुंचे लोगों ने चालक को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि चालक ने अत्यधिक शराब का सेवन किया हुआ था।
चालक हिरासत में, वाहन जब्त
पुलिस ने आरोपी चालक नरोत्तम यादव निवासी सोनसरी को हिरासत में लेकर हाईवा वाहन जब्त कर लिया है। मृत गौवंशों का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।





