July 23, 2026

जांजगीर-चांपा में कर्रा नाला बांध का गेट टूटा, लीलागर नदी उफान पर, 100 परिवार सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा ब्लॉक स्थित कोटमी सोनार के कर्रा नाला बांध का गेट तेज बहाव में टूट गया। बांध का मेढ़ और गेट क्षतिग्रस्त होने से बड़ी मात्रा में पानी नहर के रास्ते लीलागर नदी में पहुंच गया, जिससे नदी उफान पर आ गई है। आसपास के गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ने के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है।

100 परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया

बांध क्षतिग्रस्त होने के कारण कोटमी सोनार, बड़े अमेरी और छोटे अमेरी सहित आसपास के कई गांव प्रभावित हुए हैं। एहतियात के तौर पर जिला प्रशासन ने करीब 100 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाकर स्कूल में राहत शिविर स्थापित किया है। राहत शिविर में भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

कलेक्टर और एसपी ने किया मौके का निरीक्षण

घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय और जल संसाधन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। कलेक्टर ने बांध की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए हैं।

तेज बहाव से मरम्मत कार्य में दिक्कत

प्रशासन के अनुसार, पानी का बहाव अत्यधिक तेज होने के कारण मरम्मत कार्य शुरू करने में कठिनाई आ रही है। फिलहाल प्रशासन लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है और प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं