July 23, 2026

जांजगीर-चांपा में म्यूल अकाउंट गिरोह का भंडाफोड़, बैंक कर्मचारी समेत 5 गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले की साइबर थाना पुलिस ने म्यूल अकाउंट (Mule Account) गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बैंक कर्मचारी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर कमीशन के लालच में लोगों के बैंक खाते खुलवाकर उन्हें दूसरे राज्यों में सक्रिय साइबर ठगी गिरोहों को उपलब्ध कराने का आरोप है। पुलिस के अनुसार इस नेटवर्क के जरिए कर्नाटक और महाराष्ट्र में दर्ज तीन साइबर ठगी के मामलों में कुल 1 लाख 62 हजार 149 रुपये की ऑनलाइन ठगी का खुलासा हुआ है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी 10 से 15 हजार रुपये कमीशन का लालच देकर लोगों के बैंक खाते खुलवाते थे। इसके बाद खातों की जानकारी और संचालन साइबर अपराधियों को सौंप दिया जाता था। इन खातों का उपयोग देशभर में ऑनलाइन ठगी की रकम ट्रांसफर करने और निकालने के लिए किया जाता था।

बैंक कर्मचारी समेत पांच आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में बैंक कर्मचारी सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में हरिशंकर श्रीवास (48), अनिल नामदेव उर्फ चेतन (33), राजेश सोनी उर्फ रिंकु सोनी (30), संदीप सिंह ठाकुर (36) और कमल विरानी (38) शामिल हैं। सभी आरोपी चांपा क्षेत्र के निवासी हैं।

नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी

साइबर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि म्यूल अकाउंट नेटवर्क की जांच जारी है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

पुलिस की अपील

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि कमीशन या किसी अन्य लालच में आकर अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक या इंटरनेट बैंकिंग की जानकारी किसी भी व्यक्ति को न दें। ऐसा करना साइबर अपराध को बढ़ावा देने के साथ-साथ संबंधित खाताधारक को भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में ला सकता है।