July 29, 2026

जांजगीर-चांपा में पद्मिनी मल्टीप्लेक्स में भीषण आग, 50-60 लाख के नुकसान की आशंका

जांजगीर-चांपा। शहर के कोरवा पारा क्षेत्र स्थित पद्मिनी मल्टीप्लेक्स में सोमवार को अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में मल्टीप्लेक्स की स्क्रीन नंबर-1 तक पहुंच गई, जिससे परिसर में भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। इस दौरान पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय लोग भी राहत एवं बचाव कार्य में जुटे रहे। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर खाली कराया गया।

आग के कारण बगल स्थित एक नर्सिंग होम में धुआं भरने लगा, जिसके चलते उसे एहतियातन खाली कराया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मल्टीप्लेक्स के अंदर पर्दे, साउंड सिस्टम, कुर्सियां और फाल सीलिंग पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस हादसे में करीब 50 से 60 लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग बहुत तेजी से फैली और कुछ ही मिनटों में पूरा हॉल धुएं और लपटों से घिर गया। दमकलकर्मी लगातार आग पर नियंत्रण पाने की कोशिश करते रहे।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि प्रशासन ने कहा है कि जांच के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएंगे।