जांजगीर-चांपा।
थाना चांपा में पदस्थ रहे स्वर्गीय आरक्षक प्रहलाद दिनकर की पत्नी को पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत 1 करोड़ रुपये की बीमा राशि का चेक प्रदान किया गया। यह सहायता आरक्षक के आकस्मिक निधन के बाद उनके परिवार को आर्थिक संबल देने के उद्देश्य से दी गई है।
उल्लेखनीय है कि 16 सितंबर 2025 को रात्रि ड्यूटी समाप्त कर अपने घर लौटते समय लच्छनपुर चौक, मेन रोड पर हुई सड़क दुर्घटना में आरक्षक प्रहलाद दिनकर का मौके पर ही निधन हो गया था। इस हृदयविदारक घटना से पुलिस विभाग सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई थी।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के सतत प्रयासों के फलस्वरूप आज स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, जांजगीर की नैला शाखा के बैंक प्रबंधक रवि शर्मा एवं उनके वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत 1 करोड़ रुपये का बीमा चेक दिवंगत आरक्षक की पत्नी को सौंपा गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, डीएसपी मुख्यालय विजय पैकरा, मुख्य लिपिक दिनेश शर्मा सहित बैंक के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए भविष्य में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
पुलिस विभाग द्वारा प्रदान की गई यह आर्थिक सहायता न केवल दिवंगत आरक्षक के कर्तव्यनिष्ठ योगदान का सम्मान है, बल्कि उनके परिवार के लिए कठिन समय में एक बड़ा सहारा भी साबित होगी।





