September 4, 2026

जांजगीर-चांपा में पोस्ट ऑफिस एजेंट ने 150 से ज्यादा खाताधारकों को ठगा, 1 करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी का खुलासा

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पोस्ट ऑफिस एजेंट द्वारा 150 से अधिक खाताधारकों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। चांपा पुलिस ने आरोपी एजेंट कृष्णकांत गुप्ता को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है। शुरुआती जांच में एक करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी सामने आई है।

जानकारी के अनुसार आरोपी अपनी मां के साथ चांपा पोस्ट ऑफिस में एजेंट के रूप में काम करता था। वह लोगों से पोस्ट ऑफिस के RD खाते में हर महीने 3 हजार रुपये जमा कराने के नाम पर रकम लेता था, लेकिन राशि पोस्ट ऑफिस में जमा नहीं करता था।

शिकायत के बाद सामने आया पूरा मामला

मामले का खुलासा चांपा निवासी हेमंत कुमार देवांगन की शिकायत के बाद हुआ। शिकायत के मुताबिक आरोपी ने 1 सितंबर 2022 से 12 फरवरी 2026 के बीच उनसे 1 लाख 21 हजार रुपये लिए थे। हालांकि, यह रकम पोस्ट ऑफिस खाते में जमा नहीं की गई।

जब हेमंत कुमार ने अपने खाते की जानकारी जांची तो उन्हें रकम जमा नहीं होने की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

डायरी और पासबुक में करता था फर्जी एंट्री

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी खाताधारकों से रकम लेने के बाद उनकी डायरी और पासबुक में पैसे जमा होने की एंट्री कर देता था, लेकिन वास्तविक रकम पोस्ट ऑफिस में जमा नहीं करता था। इस तरह आरोपी लंबे समय से खाताधारकों को गुमराह कर रहा था।

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को 150 से अधिक खाताधारकों से धोखाधड़ी की जानकारी मिली और रकम का आंकड़ा एक करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया।

मोबाइल, पासबुक और चेकबुक जब्त

चांपा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 3 मोबाइल फोन, पासबुक और चेकबुक जब्त किए हैं। पुलिस मामले में धोखाधड़ी से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(5), 318(3) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।