May 13, 2026

जांजगीर-चांपा: स्कूली बच्चों के धर्मांतरण और भड़काने के आरोप में प्रधान पाठक निलंबित, थाने में भी मामला दर्ज

जांजगीर-चांपा। जिले के बलौदा क्षेत्र में पीएमश्री कन्या प्राथमिक शाला की प्रधान पाठक लक्ष्मी देवी भारद्वाज पर स्कूली बच्चों को धार्मिक रूप से प्रभावित करने और धर्मांतरण से जुड़े प्रयासों के गंभीर आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों की शिकायत के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधान पाठक स्कूल में प्रार्थना सभा के दौरान “जन गण मन” के स्थान पर अन्य धार्मिक वाक्य सिखाती थीं और छात्रों को विशेष धार्मिक विचारों की ओर प्रेरित करती थीं। इसके साथ ही उन पर बच्चों को हिंदू देवी-देवताओं के विरुद्ध भड़काने और ईसाई रीति-नीति अपनाने के लिए प्रेरित करने के आरोप भी लगाए गए हैं।

शिकायतें जनसमस्या निवारण शिविर के दौरान सामने आईं, जिसके बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रधान पाठक को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्हें कदाचार का दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया गया।

निलंबन आदेश में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, बलौदा नियत किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।

इसके अलावा मामले में प्रशासनिक स्तर पर भी कार्रवाई की गई है। बलौदा थाना पुलिस ने ईश्तगासा दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन में हलचल मच गई है। वहीं ग्रामीणों ने इस कदम का स्वागत करते हुए स्कूलों में पारदर्शिता और अनुशासन सुनिश्चित करने की मांग की है।