जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण क्षेत्र में हुई डकैती के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इससे पहले एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
मामले के अनुसार, राहौद निवासी सुदीप कुमार ने 19 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 8 बजे चार अज्ञात युवक उनके घर में घुस आए और दो एप्पल मोबाइल व एक सैमसंग कीपैड फोन सहित अन्य सामान लूट लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके और उनकी पत्नी के साथ मारपीट भी की।
घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए, जिससे तीन आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि एक आरोपी प्रियेश कुमार बर्मन को लोगों ने पकड़ लिया था, जिसे पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर रवि निर्मलकर उर्फ बिल्लू (22) और श्यामजी सिन्हा उर्फ बुटी (24), दोनों निवासी अकलतरा, को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिवत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।





