जांजगीर-चांपा। स्कूलों में लागू ऑनलाइन अटेंडेंस व्यवस्था को लेकर एक शिक्षिका का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में शिक्षिका निर्मला कोमल ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों से लेकर कलेक्टर और मुख्यमंत्री तक की उपस्थिति भी ऑनलाइन दर्ज कराने की मांग करती नजर आ रही हैं।
ऑनलाइन अटेंडेंस को लेकर जताई नाराजगी
बताया जा रहा है कि शिक्षिका ने 29 अगस्त को सुबह 10:58 बजे वीडियो रिकॉर्ड किया था। वीडियो में वह खुद को ड्यूटी पर बताते हुए ऑनलाइन अटेंडेंस को लेकर अपनी आपत्ति जाहिर कर रही हैं।
शिक्षिका का कहना है कि स्कूलों में शिक्षकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए ऐप के जरिए अटेंडेंस इन और आउट की व्यवस्था लागू की गई है। उनका आरोप है कि समय पर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने के लिए शिक्षक-शिक्षिकाओं को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि जल्दबाजी में स्कूल पहुंचने के दौरान हादसों का खतरा भी बना रहता है।
कलेक्टर और अधिकारियों की भी ऑनलाइन अटेंडेंस की मांग
शिक्षिका ने केवल शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति पर सवाल नहीं उठाया, बल्कि सभी अधिकारी-कर्मचारियों के साथ कलेक्टर की उपस्थिति भी ऑनलाइन दर्ज कराने की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों को भी जनता की निगरानी के लिए सार्वजनिक किए जाने की बात कही।
सरकार पर किया तीखा हमला
वायरल वीडियो में शिक्षिका ने सरकार पर तीखा निशाना साधते हुए कहा कि शिक्षकों पर ऐप के जरिए निगरानी करने के बजाय दूसरे विभागों की व्यवस्थाओं पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों को हटाने जैसे मुद्दों पर भी सरकार का ध्यान आकर्षित किया।
शिक्षिका ने कहा कि वह अपनी बात रखने से डरने वाली नहीं हैं। उन्होंने व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर अगले चुनाव में सरकार को सत्ता से बाहर करने की चेतावनी भी दी।
फिलहाल शिक्षिका का यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। ऑनलाइन अटेंडेंस को लेकर शिक्षकों की आपत्तियों और वायरल वीडियो पर विभाग की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।





