July 29, 2026

जांजगीर-चांपा में युवक की लाश मिलने से सनसनी, शव के पास मिला महुआ शराब

जांजगीर-चांपा। जिले के कोटमी सोनार क्षेत्र में एक युवक की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव क्रोकोडायल पार्क के पीछे नहर के पास पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही अकलतरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान ठडगाबहरा गांव निवासी लक्ष्मी नारायण ओग्रे के रूप में हुई है। शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने नहर किनारे शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी थी।

पुलिस जब मौके पर पहुंची तो शव के पास महुआ शराब भी बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकलतरा भेज दिया।

फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।