जांजगीर-चांपा। जिला पंचायत की आम सभा बैठक उस समय तनावपूर्ण हो गई जब चर्चा के दौरान दो सभापतियों के बीच तीखी बहस और हाथापाई जैसी स्थिति बन गई। देखते ही देखते सदन का माहौल गरमा गया और बैठक कुछ समय के लिए अव्यवस्थित हो गई।
बैठक के दौरान एक महिला सभापति ने आरोप लगाया कि जब वे अपनी बात रख रही थीं, तब दूसरे सभापति द्वारा उन्हें बार-बार टोका गया और सवालों को दबाने का प्रयास किया गया। इसके बाद दोनों पक्षों में जोरदार हॉट-टॉक शुरू हो गई।
सूत्रों के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि सदन में कुछ देर के लिए केवल आरोप-प्रत्यारोप और बहस का माहौल बना रहा। स्थिति बिगड़ती देख कुछ अधिकारी भी सदन से बाहर निकल गए।
महिला सभापति ने आरोप लगाया कि उन्हें सदन में बोलने का पर्याप्त समय नहीं दिया जा रहा और उनके क्षेत्र की मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि उनकी बात नहीं सुनी गई तो अविश्वास प्रस्ताव लाया जा सकता है।
फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर जिला पंचायत की कार्यप्रणाली और आपसी समन्वय पर सवाल उठने लगे हैं।
नाबालिग को भगाने वाला आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। पुलिस ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तकनीकी लोकेशन ट्रैक कर लड़की को सकुशल बरामद किया।
आरोपी के खिलाफ POCSO Act सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी संत कुमार शाह को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कॉस्मेटिक दुकानों पर कार्रवाई, बिना लेबल उत्पाद नष्ट
औषधि विभाग ने बिलासपुर में 21 कॉस्मेटिक दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान 6 दुकानों में बिना लेबल वाले उत्पाद पाए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया।
विभाग ने दुकानदारों को चेतावनी दी है कि सभी उत्पादों पर बैच नंबर, निर्माण और एक्सपायरी डेट होना अनिवार्य है।
“सही दवा-शुद्ध आहार” अभियान तेज
खाद्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत दूध, दही और पनीर की जांच की जा रही है। कई प्रतिष्ठानों से सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
विभाग ने दुकानदारों को साफ-सफाई, दस्ताने और हेड कवर का उपयोग अनिवार्य करने के निर्देश दिए हैं।
एयरपोर्ट रनवे विस्तार के लिए श्रमदान आज
हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति आज चकरभाठा एयरपोर्ट पर रनवे विस्तार की मांग को लेकर प्रतीकात्मक श्रमदान करेगी। समिति रनवे को 1490 मीटर से बढ़ाकर 2200 मीटर करने की मांग कर रही है।
समर स्पेशल ट्रेन 2 मई से चलेगी
रेलवे द्वारा सीएसएमटी-सांतरागाछी समर स्पेशल ट्रेन शुरू की जा रही है, जो बिलासपुर सहित कई स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन में कुल 21 कोच की सुविधा रहेगी।





