May 13, 2026

कर्ज से बचने रची 2.21 लाख की फर्जी चोरी, पुलिस ने घंटों में खोला राज

जांजगीर-चांपा। जिले की बिर्रा थाना पुलिस ने 2.21 लाख रुपए की कथित चोरी का मामला चंद घंटों में सुलझाते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता ने खुद ही चोरी की झूठी कहानी रची थी। उसने लेनदारों से बचने के लिए यह साजिश तैयार की थी।

जानकारी के अनुसार, बनडभरा गांव निवासी नरेश भरद्वाज ने 9 मई को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने एक दिन पहले अपना खेत 2 लाख 21 हजार रुपए में बेचा था। रकम को घर की अलमारी में रखकर वह आंगन में सो गया था। सुबह उठने पर अलमारी गायब मिली। बाद में अलमारी पास के खेत में टूटी हालत में मिली, जबकि उसमें रखी रकम गायब थी।

शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इस दौरान नरेश का व्यवहार संदिग्ध लगा। वह पुलिस के फोन नहीं उठा रहा था और थाने आने में भी आनाकानी कर रहा था। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें पूरा मामला सामने आ गया।

पूछताछ में नरेश ने बताया कि उसने गांव के कुछ लोगों से उधार लिया था। कर्ज चुकाने से बचने के लिए उसने चोरी की झूठी कहानी बनाई। उसने खुद ही अलमारी को घर से दूर ले जाकर क्षतिग्रस्त किया और पैसे निकालकर घर की छत पर छिपा दिए थे।

पुलिस ने छिपाई गई पूरी रकम बरामद कर ली है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।