March 4, 2026

जांजगीर: किसान से ढाई लाख रुपए की लूट का गिरोह गिरफ्तार, सात अन्य वारदातों का खुलासा

जांजगीर: किसान से ढाई लाख रुपए की लूट मामले में पुलिस ने जांच के दौरान सात अन्य वारदातों का खुलासा किया है। इस अंतर्राज्यीय गिरोह ने छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में कुल 9 लाख 83 हजार रुपए की लूट और उठाईगिरी की घटनाओं को अंजाम दिया। पकड़े गए दोनों आरोपी बिहार के कटिहार जिले के निवासी हैं, जबकि मामले के दो आरोपी अभी फरार हैं।

जांजगीर पुलिस ने 13 फरवरी को शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम धरदेई में किसान से ढाई लाख रुपए लूटने वाले गिरोह को गिरफ्तार किया। एसपी विजय पांडे और एडिशनल एसपी उमेश कश्यप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोपियों को पेश कर उनका पर्दाफाश किया।

एसपी विजय पांडे के अनुसार, साइबर थाना जांजगीर की तकनीकी और त्वरित कार्रवाई ने आरोपियों को पकड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। घटना के 150 से अधिक CCTV फुटेज का विश्लेषण कर संदिग्धों का सुराग पाया गया।

जांच में पता चला कि आरोपी बैंक से पैसे निकालने आए बुजुर्ग और महिलाओं की रेकी करते थे और मौके का फायदा उठाकर लूट करते थे। प्रार्थी को गुमराह करने के लिए आरोपी कंवाच पाउडर का प्रयोग भी करते थे।

13 फरवरी 2026 को प्रार्थी किसान पामगढ़ एसबीआई से 2.5 लाख रुपए निकालकर ग्राम धरदेई लौट रहे थे, तभी दो अज्ञात आरोपी उनका पीछा कर रकम लूटकर फरार हो गए। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देश पर साइबर टीम ने घटनास्थल और आसपास के संभावित मार्गों की जांच की।

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी बिहार से बिलासपुर आए थे और पुराना बस स्टैंड के पास एक लॉज में ठहरे थे। बारीकी से सीसीटीवी फुटेज निरीक्षण के बाद दो आरोपी दीपक यादव (36 वर्ष) और अविनाश उर्फ सनी कुमार यादव (28 वर्ष) को पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बुजुर्ग और महिलाओं को निशाना बनाकर घर तक पीछा कर लूट करते थे। जांच से यह भी पता चला कि गिरोह ने अंबिकापुर, रायगढ़, सारंगढ़, अंबिकापुर और कोरबा जिलों में कई लूट की घटनाओं को अंजाम दिया।

पुलिस टीम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक और साइबर थाना जांजगीर की पूरी टीम शामिल थी। थाना शिवरीनारायण के निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, सउनि राम प्रसाद बघेल और अन्य स्टाफ ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं, जबकि दो अन्य अभी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।