जांजगीर। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी है। राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की जा रही कार्रवाई के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 612 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें 1 करोड़ 74 लाख 19 हजार 220 रुपये की वसूली कर शासन के खनिज मद में जमा कराई गई है।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अवैध गतिविधियों पर पूर्ण नियंत्रण के लिए सतर्कता और निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि खनिज संसाधनों का संरक्षण हो और राजस्व हानि रोकी जा सके। लगातार अवैध खनन में संलिप्त पाए जाने वाले वाहनों और चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उनके ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
दो माह में 50 प्रकरण, 16 लाख की वसूली
प्रशासन द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के तहत पिछले दो महीनों में 50 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें 16 लाख 73 हजार 176 रुपये की वसूली की गई। अधिकारियों का कहना है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
200 ट्रैक्टर रेत नदी में डलवाई गई
संयुक्त टीम ने ग्राम नवापारा में कार्रवाई करते हुए अवैध रेत भंडारण का मामला दर्ज किया। इस दौरान नदी किनारे डंप लगभग 200 ट्रैक्टर रेत को जब्त कर वापस नदी में डलवाया गया। साथ ही अवैध परिवहन में संलिप्त 2 हाईवा वाहनों को जब्त कर पुलिस लाइन में रखा गया है।
खनिज विभाग ने बताया कि दोषियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
अभनपुर में भी कार्रवाई तेज, 2 दिन में 13 वाहन जब्त
अभनपुर। रायपुर जिले में भी अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग ने 9 और 10 अप्रैल 2026 की रात को जांच अभियान चलाकर 13 वाहनों (12 रेत और 1 फर्सी पत्थर) को जब्त किया।
इन वाहनों को संबंधित थानों के सुपुर्द किया गया है। इससे पहले भी विभाग ने 15 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए बिना रॉयल्टी पाए जाने पर जुर्माना वसूला था।
पिछले एक सप्ताह में कुल 28 वाहनों पर कार्रवाई कर करीब 8 लाख रुपये की अर्थदंड राशि वसूली जा रही है। इसके अलावा ग्राम डंगनिया और जौदी जौदा में अवैध रेत भंडारण की जांच कर संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।





