July 27, 2026

जांजगीर में सरकारी जमीन बेचने का आरोप, सरपंच और पति पर 2 लाख की अवैध वसूली का मामला

जांजगीर-चांपा। जिले में सरकारी जमीन की खरीद-फरोख्त का गंभीर मामला सामने आया है। सरखों ग्राम पंचायत की सरपंच और उनके पति पर शासकीय जमीन को अवैध रूप से बेचने और पैसे वसूलने का आरोप लगा है। इस पूरे मामले की शिकायत ग्रामीण विजेंद्र साहू ने कलेक्टर से की है।

49 डिसमिल सरकारी जमीन बेचने का आरोप
शिकायतकर्ता विजेंद्र साहू के अनुसार, ग्राम सरखों की करीब 49 डिसमिल शासकीय जमीन को सरपंच प्रीति बल्लू राठौर ने अपने पति बलदाऊ (बलदेव) राठौर के माध्यम से शिक्षक कमलेश साहू को बेच दिया। इसके बदले करीब 2 लाख रुपये की अवैध वसूली की गई।

खसरा नंबर का भी किया जिक्र
शिकायत में बताया गया है कि खसरा नंबर 423/2 और 424 में दर्ज लगभग 0.49 एकड़ जमीन शासकीय है। आरोप है कि इसी जमीन को निजी व्यक्ति को बेचने के लिए दबाव बनाया गया और पैसे नहीं देने पर जमीन का सौदा रद्द करने की धमकी दी गई।

ऑडियो क्लिप भी सौंपा
शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि उनके पास इस मामले से जुड़ा एक ऑडियो क्लिप भी मौजूद है, जिसमें जमीन के लेनदेन को लेकर बातचीत रिकॉर्ड है। इस ऑडियो को भी सबूत के तौर पर प्रशासन को सौंपा गया है।

धारा 40 के तहत कार्रवाई की मांग
विजेंद्र साहू ने सरपंच के खिलाफ पंचायत राज अधिनियम की धारा 40 के तहत कार्रवाई की मांग की है। साथ ही सरपंच के पति, जो सीएसईबी मड़वा ताप विद्युत गृह में कार्यरत हैं, उनके खिलाफ भी अवैध वसूली की जांच की मांग की गई है।

जांच के बाद होगा खुलासा
फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।