July 23, 2026

जोगी कांग्रेस 2.0 लॉन्च: अमित जोगी का नया विजन, युवा नेतृत्व और तीन बड़े मुद्दों पर फोकस

रायपुर। छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जे) ने संगठन में बड़े बदलाव और नई रणनीति के साथ अपनी राजनीतिक पारी की नई शुरुआत कर दी है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने रायपुर में ‘जोगी कांग्रेस 2.0’ लॉन्च करते हुए नई सोच, नए विजन और युवा नेतृत्व के साथ राजनीति करने का ऐलान किया। इस दौरान उन्होंने नशा, बेरोजगारी और अन्याय के खिलाफ प्रदेशव्यापी अभियान चलाने की घोषणा की।

अमित जोगी ने कहा कि वर्तमान दौर की राजनीति पारंपरिक सोच से आगे बढ़ चुकी है। अब राजनीति नई तकनीक, नए विजन और जमीनी मुद्दों पर आधारित होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी युवाओं को नेतृत्व में आगे लाते हुए जनता के मुद्दों पर संघर्ष करेगी।

युवा विंग का बदला नाम, ईश्वर उपाध्याय बने अध्यक्ष

पार्टी ने अपने युवा संगठन में भी बड़ा बदलाव किया है। अब ‘अजीत जोगी युवा कांग्रेस’ का नाम बदलकर ‘जनता युवा कांग्रेस’ कर दिया गया है। इसके अध्यक्ष के रूप में ईश्वर उपाध्याय की नियुक्ति की गई है। अमित जोगी ने कहा कि युवा संगठन अब नए स्वरूप में प्रदेशभर में सक्रिय भूमिका निभाएगा।

तीन मुद्दों पर चलेगा अभियान

अमित जोगी ने बताया कि पार्टी प्रदेशभर में नशा, बेरोजगारी और अन्याय के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू करेगी। इसके साथ ही ‘बेटी बचाओ’ के साथ ‘बेटा बचाओ’ अभियान भी चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को नशे, बेरोजगारी और अवसाद से बचाने के लिए जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।

कांग्रेस में विलय पर फिर दोहराया रुख

अमित जोगी ने कहा कि उनकी पार्टी कांग्रेस में विलय चाहती थी और इसके लिए एक वर्ष पहले कांग्रेस हाईकमान को पत्र भी भेजा गया था, लेकिन अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे में पार्टी ने खुद को नए स्वरूप में आगे बढ़ाने का फैसला किया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के मुकाबले कांग्रेस को मजबूत सहयोग की जरूरत है और उनकी पार्टी यह भूमिका निभाने को तैयार है।

‘बी-टीम’ के आरोपों पर दिया जवाब

भाजपा की बी-टीम कहे जाने के आरोपों पर अमित जोगी ने कहा कि इस तरह की छवि से पार्टी को नुकसान हुआ, लेकिन अब संगठन नई भूमिका और नई पहचान के साथ जनता के बीच जाएगा।

अजीत जोगी के लेखों पर आधारित पुस्तकों का विमोचन

कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के लेखों पर आधारित दो पुस्तकों ‘दृष्टिकोण’ और ‘सदी के मोड़’ का विमोचन भी किया गया। डॉ. रेणु जोगी ने बताया कि इन पुस्तकों में 90 के दशक के राजनीतिक घटनाक्रम और अजीत जोगी के विचारों को संकलित किया गया है।