March 4, 2026

जशपुर-बलरामपुर समाचार: सीएम साय मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में शामिल, सड़क हादसे में किशोर की मौत, गांजा तस्करी में दो गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दुलदुला विकासखंड के ग्राम सिरीमकेला में नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गांव में सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महाशिवरात्रि के पावन पर्व से पहले इस समारोह में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि श्री राम लला दर्शन योजना के तहत प्रदेश के 42 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम के दर्शन कराए जा चुके हैं।


सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोर की मौत

जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्जापुर में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोर सुमित बरवा की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, वह अपने मित्र आयुष भगत के साथ बाइक से शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। शाम करीब 6 बजे पीछे से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सुमित की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी बाइक चालक की तलाश जारी है।


सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण

बलरामपुर जिले में कलेक्टर राजेन्द्र कटारा और पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने शंकरगढ़ विकासखंड के ग्राम भरतपुर में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत निर्माणाधीन सड़क कार्य का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने गुणवत्ता की जांच कर संबंधित ठेकेदार को निर्धारित मानकों के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए।


गांजा तस्करी करते दो गिरफ्तार

बलरामपुर के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भागवतपुर मोड़ के पास पुलिस ने दो बाइक सवारों को गिरफ्तार किया। तलाशी में 4 किलो 204 ग्राम गांजा बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में छवि उर्फ मोनू साहू (27), निवासी इंद्रानगर, जिला कोरबा और एक नाबालिग शामिल है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।