जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। करडेगा से कुनकुरी आ रही एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में एक बच्चे समेत 6 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बस अनमोल बस एजेंसी की बताई जा रही है। बस में दो दर्जन से अधिक यात्री सवार थे। हादसा करडेगा चौकी क्षेत्र के गोड़ाअंबा के पास हुआ।
बस पलटने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की।
घटना में घायल यात्रियों को इलाज के लिए कुनकुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया जा रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया और मौके पर एम्बुलेंस भेजी गई।
मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की ओर से भी घायलों के बेहतर इलाज के लिए तत्काल निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।





