जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शुक्रवार सुबह एक यात्री बस हादसे का शिकार हो गई। कुनकुरी थाना क्षेत्र के टांगरपानी के पास डायवर्जन पर तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब 10 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्री जय बालाजी बस (CG 14 G 0170) झारखंड के रामगढ़ से यात्रियों को लेकर कोरबा की ओर जा रही थी। सुबह के समय टांगरपानी के पास बने डायवर्जन से गुजरते वक्त बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
घटना की सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए कुनकुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया।
हादसे में घायल हुए 10 यात्रियों का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे विशेष निगरानी में रखा गया है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और डायवर्जन पर वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। जांच के बाद हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।





