September 4, 2026

जशपुर में बड़ा हादसा टला: दनगरी वाटरफॉल में तेज बहाव के बीच फंसे 7 पर्यटक, घंटों चला रेस्क्यू

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में दनगरी वाटरफॉल घूमने पहुंचे 7 पर्यटक नदी के तेज बहाव के बीच फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घंटों की मशक्कत के बाद सभी पर्यटकों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात है कि इस हादसे में सभी पर्यटक बाल-बाल बच गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पर्यटकों के फंसे होने का भयावह मंजर दिखाई दे रहा है।

नदी पार कर वाटरफॉल पहुंच रहे पर्यटक

लगातार बारिश के चलते जिले के नदी-नाले उफान पर हैं। इसके बावजूद दनगरी वाटरफॉल में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। कई पर्यटक जान जोखिम में डालकर नदी और पहाड़ी नालों को पार कर जलप्रपात तक पहुंचते हैं।

नदी में तेज बहाव के दौरान 7 पर्यटकों के फंसने की घटना ने एक बार फिर पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

करीब 100 फीट ऊंचाई से गिरता है झरना

दनगरी जलप्रपात बगीचा विकासखंड में सुलेसा और पंडरापाठ के बीच स्थित है। यह जशपुर जिले के प्रमुख प्राकृतिक पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां करीब 100 फीट ऊंची पहाड़ी से झरने की तीन धाराएं एक साथ नीचे गिरती हैं।

बारिश के मौसम में जलप्रपात और आसपास के नदी-नालों का जलस्तर बढ़ जाता है। ऐसे में पर्यटकों के लिए सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। घटना के बाद पर्यटन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत भी सामने आई है।