Jashpur News Update : जशपुर। जिले के नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र में नशे की लत से उबर रहे हितग्राहियों के पुनर्वास के लिए खेल गतिविधियों को विशेष रूप से बढ़ावा दिया जा रहा है। केंद्र में नियमित रूप से कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन सहित विभिन्न आउटडोर खेलों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे हितग्राहियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का विकास हो रहा है।
केंद्र प्रबंधन के अनुसार खेल गतिविधियां न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बना रही हैं, बल्कि मानसिक तनाव कम करने और सामाजिक सहभागिता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इससे नशे की आदत छोड़कर सामान्य जीवन की ओर लौटने में लोगों को मदद मिल रही है।
जशपुर में संचालित यह नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र पिछले दो वर्षों से जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। भागलपुर रोड स्थित रणजीता स्टेडियम के पीछे और विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सामने संचालित केंद्र में योग, काउंसलिंग, पौष्टिक भोजन, आवासीय सुविधा और मनोरंजन की विभिन्न व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं।
केंद्र में उपचार और पुनर्वास के लिए समग्र दृष्टिकोण अपनाया जा रहा है, जिससे हितग्राहियों के मानसिक, शारीरिक और सामाजिक विकास पर एक साथ कार्य किया जा सके।
समाज कल्याण विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि यदि उनके परिवार या आसपास कोई व्यक्ति नशे की समस्या से जूझ रहा है, तो उसे नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराकर उपचार और पुनर्वास का लाभ दिलाया जाए।





