July 25, 2026

कटहल की खुशबू से गांव में घुसे हाथी, दो मकान तोड़े, अनाज खाया; जशपुर में दहशत

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कंसाबेल वन परिक्षेत्र में 18 हाथियों का दल लगातार विचरण कर रहा है। शुक्रवार रात साजापानी गांव में एक हाथी कटहल की खुशबू से आकर्षित होकर रिहायशी इलाके में घुस आया और जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने दो मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया और घरों में रखा अनाज भी खा गया। हालांकि, समय रहते ग्रामीण घरों से बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, देर रात हाथियों का दल अचानक गांव में पहुंच गया। इस दौरान एक हाथी ने दो घरों की दीवारें और घरेलू सामान तोड़ दिया। इसके बाद वह घरों में रखे अनाज को खाने लगा। हाथी को सामने देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भाग गए।

घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीण रात के समय विशेष सतर्कता बरत रहे हैं और हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथियों के मूवमेंट की निगरानी शुरू कर दी। विभाग ने आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों से रात के समय घरों से बाहर नहीं निकलने, हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और किसी भी गतिविधि की तुरंत सूचना वन विभाग को देने की अपील की है।