July 27, 2026

जशपुर के पूर्व भाजपा विधायक जागेश्वर राम भगत का निधन, CM साय ने जताया शोक

जशपुर से एक दुखद खबर सामने आई है। पूर्व भाजपा विधायक जागेश्वर राम भगत का रविवार को निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे।

जागेश्वर राम भगत का राजनीतिक जीवन के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। वे वनवासी कल्याण आश्रम की सरहुल समिति के अध्यक्ष भी रहे और आदिवासी समाज के उत्थान के लिए लगातार सक्रिय रहे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जागेश्वर राम भगत भाजपा के वरिष्ठ नेता और समर्पित कार्यकर्ता थे, जिनका पूरा जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति की सेवा के लिए समर्पित रहा।

मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।

जागेश्वर राम भगत के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है और राजनीतिक एवं सामाजिक जगत ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।