जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक गंभीर आपराधिक मामला सामने आया है। नाटक कार्यक्रम देखकर घर लौट रही 17 वर्षीय नाबालिग के साथ कथित रूप से दुष्कर्म की घटना हुई है। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। पीड़िता जंगल क्षेत्र में अचेत अवस्था में मिली।
जानकारी के अनुसार, 16 फरवरी की रात नाबालिग स्थानीय नाटक देखने के बाद पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान दो अज्ञात युवकों ने उसे घर तक छोड़ने का झांसा दिया और मोटरसाइकिल से जंगल की ओर ले गए। सुनसान स्थान पर दोनों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गए।
जब नाबालिग रातभर घर नहीं लौटी तो परिजन उसकी तलाश में जुट गए। 17 फरवरी की रात बिजली सब स्टेशन के पास वह अचेत अवस्था में मिली। ग्रामीणों की सहायता से उसे तत्काल शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पत्थलगांव रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पत्थलगांव पुलिस ने पीड़िता की मां के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज की है। घटना स्थल बागबाहर थाना क्षेत्र में होने के कारण शून्य पर अपराध दर्ज कर केस डायरी संबंधित थाने को भेजी गई है।
पुलिस की विशेष टीम आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।





