May 13, 2026

जशपुर में नाबालिग से गैंगरेप: दो आरोपी गिरफ्तार, POCSO एक्ट के तहत कार्रवाई

जशपुर। जिले के बागबहार थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय नाबालिग बालिका से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों—नितेश कुजूर (22) और आकाश कुजूर (18)—को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पीड़िता के पिता ने 5 मई को थाना बागबहार में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी को आरोपी आकाश कुजूर ने रात करीब 8 बजे किसी काम के बहाने मिलने के लिए बुलाया था, लेकिन वह नहीं गई। बाद में रात लगभग 9 बजे जब वह शौच के लिए खेत की ओर गई, तभी दोनों आरोपी वहां पहुंच गए।

आरोप है कि दोनों ने नाबालिग को जबरन खींचकर सुनसान स्थान पर ले जाकर धमकाया और बारी-बारी से दुष्कर्म किया। किसी तरह पीड़िता वहां से भागकर घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 65(1), 70(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण और उपचार भी कराया गया है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को उनके घर से हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।