जशपुर। जिले के नारायणपुर क्षेत्र में प्राइवेट विमान क्रैश होने की खबर अफवाह निकली है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौके पर किसी भी तरह के विमान हादसे के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं।
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर नारायणपुर क्षेत्र में जंगल से धुआं उठने की सूचना मिली थी, जिसके बाद कलेक्टर रोहित व्यास और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। जांच के दौरान किसी विमान के क्रैश होने के प्रमाण नहीं पाए गए।
प्रशासन ने बताया कि जंगल में सूखे पत्तों में लगी आग के कारण धुआं उठ रहा था, जिससे लोगों में भ्रम की स्थिति बन गई। इसी दौरान खनिज सर्वे के कार्य में लगे हेलीकॉप्टर को नजदीक से उड़ते देख लोगों ने आशंका जताई कि कोई विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है।
फिलहाल पुलिस, जिला प्रशासन और वन विभाग की टीमें ड्रोन कैमरे के माध्यम से क्षेत्र की निगरानी कर रही हैं और आग पर नियंत्रण की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।





