जशपुर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में तीन कारों से 552.10 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 21 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तस्करों की मदद के लिए पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखने वाली एक रेकी कार भी जब्त की गई है।

यह विशेष अभियान सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा के निर्देशन में पूरे सरगुजा संभाग में चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाना और इससे जुड़े संगठित नेटवर्क को ध्वस्त करना है। इसके लिए संभाग के सभी जिलों के बीच समन्वय स्थापित कर लगातार संयुक्त कार्रवाई की जा रही है।
इसी अभियान के तहत जशपुर पुलिस ने थाना कुनकुरी और थाना बगीचा क्षेत्र में एक साथ घेराबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस ने उड़ीसा से अवैध गांजा की खेप लेकर जा रही इनोवा, ब्रेजा और आर्टिगा कारों को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान तीनों वाहनों से कुल 552.10 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
कार्रवाई में पुलिस ने मौके से दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं, पुलिस की लोकेशन और गतिविधियों की जानकारी देकर तस्करों को सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगे-आगे चल रही एक रेकी कार को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में शामिल पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। अंतरराज्यीय गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि गांजा की खेप किस राज्य से लाई जा रही थी और इसकी आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जानी थी।
जशपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि अवैध नशे के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जाएंगे।





