54 लाख के गांजे के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
जशपुर जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘आघात’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पत्थलगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने 112 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 54 लाख रुपये बताई जा रही है।
ओडिशा से दिल्ली ले जाया जा रहा था गांजा
पुलिस के अनुसार आरोपी कार के जरिए ओडिशा से गांजा लेकर दिल्ली की ओर जा रहे थे। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने पहले से घेराबंदी कर रखी थी और संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
भागने की कोशिश नाकाम, झाड़ियों से पकड़ा आरोपी
कार्रवाई के दौरान एक आरोपी मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे दौड़ाकर झाड़ियों से पकड़ लिया। इसके बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
वाहन सहित माल जब्त, जांच जारी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा और तस्करी में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया है। मामले में आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।





