जशपुर जिले में एक प्राचीन मंदिर में तोड़फोड़ और धार्मिक झंडे जलाने की घटना सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है।
मामला अस्ता थाना क्षेत्र के धरधरी गांव स्थित बम्हनी माता मंदिर का है, जहां रविवार रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने मंदिर में घुसकर माता की प्रतिमा को खंडित कर दिया। इसके साथ ही मंदिर परिसर में पेड़ से बंधे धार्मिक झंडों को भी जला दिया गया।

सोमवार सुबह जब स्थानीय लोग पूजा करने मंदिर पहुंचे, तो इस दृश्य को देखकर वे आहत हो गए। नियमित रूप से पूजा करने आने वाली महिलाओं में खासा गुस्सा और दुख देखा गया, कई महिलाएं भावुक होकर रो पड़ीं।
घटना की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और विरोध जताते हुए पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने इस संबंध में एसपी को लिखित शिकायत भी सौंपी है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही जशपुर SDOP और अस्ता थाना पुलिस टीम को मौके पर भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों की तलाश जारी है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और लोग आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।





