जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में तालाब में डूबने से भाई-बहन की मौत का दुखद मामला सामने आया है। यह घटना नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कलिया में रविवार शाम को हुई, जिससे पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, कलिया निवासी जितेंद्र दास के बच्चे विष्णु दास (9 वर्ष) और योगिता दास (12 वर्ष) जंगल में महुआ बीनने गए थे। महुआ बीनकर लौटते समय दोनों गांव के तालाब में नहाने लगे। इसी दौरान विष्णु का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।
भाई को डूबता देख बहन योगिता उसे बचाने के लिए तुरंत तालाब में कूद गई, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण दोनों पानी में डूब गए। इस दर्दनाक हादसे में दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों के शव तालाब से बाहर निकाले गए। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए बगीचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया है। इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।





