July 23, 2026

JEE एडवांस 2026 में रायपुर की सान्वी मित्तल का शानदार प्रदर्शन, AIR 4196 हासिल किया

रायपुर। जॉइंट एंट्रेंस एग्जाम (JEE) एडवांस 2026 का परिणाम रविवार देर रात घोषित किया गया। इस परीक्षा में रायपुर की छात्रा सान्वी मित्तल ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 4196 हासिल की है। उनकी इस सफलता पर परिवार और शिक्षकों में खुशी की लहर है।

सान्वी मित्तल ने अपनी सफलता का श्रेय लगातार मेहनत, अनुशासित दिनचर्या, शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग को दिया है। उन्होंने बताया कि वह पिछले दो वर्षों से एलेन रायपुर में रहकर JEE एडवांस की तैयारी कर रही थीं।

एजुकेशन एक्सपर्ट्स के अनुसार इस वर्ष परीक्षा में कुल 1,79,694 अभ्यर्थी शामिल हुए, जिनमें से 56,880 उम्मीदवार सफल हुए। इस बार परीक्षा का सफलता प्रतिशत लगभग 31.65 प्रतिशत रहा, जबकि कटऑफ बढ़कर 92 अंक तक पहुंच गया।

सान्वी ने बताया कि उन्होंने तैयारी के दौरान रोजाना करीब 10 घंटे पढ़ाई करने का लक्ष्य रखा था। वह सभी विषयों को समान समय देती थीं और नियमित रूप से डाउट्स क्लियर कर अपनी तैयारी को मजबूत करती थीं। साथ ही मानसिक संतुलन बनाए रखने के लिए छोटे-छोटे ब्रेक भी उनकी रणनीति का हिस्सा रहे।

उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय एलेन रायपुर के शिक्षकों के साथ-साथ अपनी बहन को भी दिया, जिन्होंने कठिन समय में उनका हौसला बढ़ाया और उन्हें प्रेरित किया।

सान्वी ने कहा कि इस यात्रा ने उन्हें सबसे बड़ा सबक यही दिया कि खुद पर विश्वास रखना जरूरी है और मेहनत कभी बेकार नहीं जाती। उन्होंने कहा कि सही दिशा में की गई मेहनत का परिणाम जरूर मिलता है।

सान्वी के पिता दीपक जैन और माता बबीता जैन ने भी बेटी की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए इसे वर्षों की मेहनत और समर्पण का परिणाम बताया है।

उनकी यह सफलता अब अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा बन गई है जो इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहे हैं।