जगदलपुर। बहुचर्चित झीरम कांड मामले की सुनवाई बुधवार को NIA की विशेष अदालत में पूरी हो गई। मामले में तीन दिनों तक चली अंतिम बहस के बाद अदालत ने फैसला सुरक्षित रख लिया है। कोर्ट ने अब 31 अगस्त 2026 को फैसला सुनाने की तारीख तय की है।
तीन दिनों तक चली अंतिम बहस
मामले में सोमवार को अभियोजन पक्ष ने अदालत के सामने अपनी अंतिम दलीलें रखीं। इसके बाद मंगलवार को बचाव पक्ष ने अंतिम जिरह की। बुधवार को अदालत ने एक बार फिर बचाव पक्ष को सुना, जिसके बाद अभियोजन पक्ष की ओर से रिपीटल दलीलें प्रस्तुत की गईं।
अंतिम सुनवाई पूरी होने के बाद दोनों पक्षों ने अदालत के फैसले का इंतजार करने की बात कही।
2013 में हुआ था झीरम घाटी हमला
बता दें कि 25 मई 2013 को माओवादियों ने झीरम घाटी में कांग्रेस की परिवर्तन रैली पर हमला किया था। इस हमले में कांग्रेस के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार पटेल, वरिष्ठ नेता विद्याचरण शुक्ल, बस्तर टाइगर महेंद्र कर्मा समेत कई बड़े नेताओं की मौत हुई थी। हमले में सुरक्षाबल के जवान और आम नागरिक भी मारे गए थे।
NIA की जांच के अनुसार, झीरम घटना में 27 लोगों की मौत और 35 लोग घायल हुए थे।
11 आरोपी गिरफ्तार, एक की हो चुकी मौत
मामले में NIA ने 4 लोगों को नामजद आरोपी बनाया था, जबकि 150 से 200 अन्य माओवादियों को भी आरोपी बनाया गया। जांच के दौरान NIA ने कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें से एक आरोपी की मौत हो चुकी है, जबकि बाकी 10 आरोपियों के खिलाफ NIA की विशेष अदालत में सुनवाई चली।
अब तीन दिन तक चली अंतिम बहस के बाद अदालत ने फैसला सुरक्षित रख लिया है। 31 अगस्त को आने वाले फैसले पर सभी की नजरें टिकी हैं।





