रायपुर। जल जीवन मिशन (JJM) के तहत दो वर्षों से लंबित भुगतान को लेकर नाराज छत्तीसगढ़ कांट्रैक्टर एसोसिएशन आज विधानसभा का घेराव करेगी। प्रदेशभर से करीब 800 ठेकेदार राजधानी रायपुर के तूता धरना स्थल पर एकत्र होंगे, जहां से वे विधानसभा की ओर कूच करेंगे।
2200 करोड़ रुपये का भुगतान लंबित
एसोसिएशन के अनुसार, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग के अंतर्गत हर घर जल योजना में कार्य करने वाले ठेकेदारों का करीब 2200 करोड़ रुपये का भुगतान पिछले दो वर्षों से लंबित है। भुगतान नहीं होने से ठेकेदार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
बीते सप्ताह भी ठेकेदारों ने रायपुर स्थित नीर भवन का घेराव कर अपनी मांगें रखी थीं, लेकिन समाधान नहीं निकलने पर अब विधानसभा घेराव का निर्णय लिया गया है।
क्या हैं ठेकेदारों की प्रमुख मांगें?
एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश जोशी ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों से ठेकेदारों का भुगतान अटका हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग अनुबंध के बाद नई-नई शर्तें लागू कर ठेकेदारों को परेशान कर रहा है। एसोसिएशन की मांग है कि लंबित भुगतान तत्काल जारी किया जाए और अनुबंध से बाहर लगाए गए नियमों को वापस लिया जाए।
उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में जल जीवन मिशन से जुड़े करीब 2200 करोड़ रुपये के बिल लंबित हैं और इन्हीं मांगों को लेकर लगभग 800 ठेकेदार आज विधानसभा घेराव में शामिल होंगे।





