July 23, 2026

रायपुर JNM मेडिकल कॉलेज में MBBS की 20 सीटें बढ़ीं, अब 250 छात्रों को मिलेगा दाखिला

रायपुर। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) ने पंडित जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल (JNM) मेडिकल कॉलेज, रायपुर में एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़ाने को मंजूरी दे दी है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से कॉलेज में 230 की जगह 250 सीटों पर प्रवेश मिलेगा। यानी मेडिकल कॉलेज को 20 नई एमबीबीएस सीटों की स्वीकृति मिली है।

पं. दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल हेल्थ साइंसेज एंड आयुष यूनिवर्सिटी से संबद्ध कॉलेज के लिए MARB ने अनुमति पत्र जारी करते हुए सीट वृद्धि को मंजूरी दी है।

1963 से लगातार बढ़ रही सीटें

वर्ष 1963 में 60 एमबीबीएस सीटों के साथ स्थापित जेएनएम मेडिकल कॉलेज ने समय के साथ अपनी प्रवेश क्षमता में लगातार विस्तार किया है। सीटों की संख्या पहले 100, फिर 2009 में 150, 2019 में 180, 2023 में 230 और अब 2026-27 से 250 हो गई है।

प्रदेश के छात्रों को मिलेगा फायदा

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि सीटों में वृद्धि से प्रदेश के अधिक छात्रों को अपने ही राज्य में मेडिकल शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा मिलने के साथ प्रदेश में भविष्य के डॉक्टरों की संख्या भी बढ़ेगी।

उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और राज्य सरकार के प्रयासों को देते हुए कहा कि सरकार चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।