May 13, 2026

जुबिन नौटियाल ने रचाई शादी, बचपन की प्रेमिका संग निजी समारोह में लिए फेरे

मनोरंजन डेस्क: मशहूर प्लेबैक सिंगर जुबिन नौटियाल ने अपनी निजी ज़िंदगी में नया अध्याय शुरू करते हुए शादी रचा ली है। जानकारी के मुताबिक, उन्होंने अपने होमटाउन उत्तराखंड में बचपन की प्रेमिका के साथ बेहद निजी और सादगीपूर्ण समारोह में फेरे लिए।

सूत्रों के अनुसार, इस शादी में सिर्फ करीबी परिवारजन और चुनिंदा लोग ही शामिल हुए। जहां आमतौर पर सेलिब्रिटी शादियां भव्य और चर्चित होती हैं, वहीं जुबिन ने इसे बेहद साधारण और निजी रखने का फैसला किया।

बताया जा रहा है कि सिंगर ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शादी की और अपनी निजी जिंदगी को लाइमलाइट से दूर रखा। वे हमेशा से ही अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर लो-प्रोफाइल रहे हैं।

रातां लंबियां, अख लड़ जावे, काबिल हूं और माणिके जैसे हिट गानों से पहचान बनाने वाले जुबिन ने पिछले कुछ वर्षों में संगीत जगत में मजबूत जगह बनाई है।

गौरतलब है कि वैलेंटाइन डे के मौके पर सिंगर ने सोशल मीडिया पर अपनी पार्टनर की एक झलक साझा की थी, जिससे उनके रिश्ते को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं। हालांकि, उन्होंने कभी खुलकर इस पर बात नहीं की।

फिलहाल, शादी को लेकर न तो कोई आधिकारिक तस्वीर सामने आई है और न ही सिंगर की ओर से कोई पुष्टि की गई है। इसके बावजूद फैंस इस खबर को लेकर उत्साहित हैं और नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दे रहे हैं।