रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा में माघ पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित सतगुरु कबीर संत समागम में शामिल हुए। इस अवसर पर सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ तेजी से विकसित प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है और इसे विकसित प्रदेश के रूप में खड़ा किया जाएगा। उन्होंने समारोह की राशि 50 लाख से बढ़ाकर 75 लाख रुपए करने की घोषणा की।

सीएम ने पंथ श्री उदित मुनि नाम साहेब और श्री प्रकाश मुनि नाम साहब को चादर-श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद लिया और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि कबीरपंथ का छत्तीसगढ़ के जनजीवन में व्यापक प्रभाव है और लोग शांति प्रिय हैं। साथ ही, उन्होंने नक्सलवाद को 31 मार्च 2026 तक प्रदेश से समूल समाप्त करने का भरोसा दिया।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पंथ श्री उदित मुनि नाम साहब का चादर तिलक अद्भुत और अलौकिक रहा। उन्होंने पंथश्री का दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि का आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल और भाटापारा विधायक इंद्र साव ने भी संबोधित किया।
समारोह में पंथश्री प्रकाश मुनि नाम साहब ने मुख्यमंत्री का कबीरपंथी समाज की ओर से आत्मीय स्वागत किया। इस वर्ष माघ मेला के प्रथम दिन बसंत पंचमी के अवसर पर कबीर पंथ के नये संवाहक 16वें वंशाचार्य श्री उदित मुनि नाम साहेब का चादर तिलक संपन्न हुआ। देश के विभिन्न प्रांतों और विदेशों से भी संत समागम में शामिल हुए।
कार्यक्रम में पंथश्री उदित मुनि नाम साहब, गुरूगोसांई भानुप्रताप साहब, विधायक भावना बोहरा, ईश्वर साहू, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, सदगुरू कबीर धर्मदास साहेब वंशावली प्रतिनिधि सभा के प्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में कबीरपंथ के अनुयायी उपस्थित थे।





