कवर्धा। कहते हैं नाम से पहचान बनती है और पहचान से आत्मसम्मान। कबीरधाम जिले के एक छोटे से गांव के लिए यह बात अब सच साबित हो गई है। पीढ़ियों से चंडालपुर नाम के बोझ को ढो रहा गांव अब आधिकारिक रूप से चंदनपुर के नाम से जाना जाएगा। राज्य शासन द्वारा राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशित होते ही गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।
जैसे ही ग्रामीणों को नाम परिवर्तन की सूचना मिली, पूरे गांव में जश्न का माहौल बन गया। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। ग्रामीणों का कहना है कि पहले जब वे बाहर जाते थे और अपने गांव का नाम बताते थे, तो कई बार उन्हें शर्मिंदगी और असहजता का सामना करना पड़ता था। कहीं मज़ाक उड़ाया जाता था तो कहीं नाम सुनकर गलत नजरिए से देखा जाता था।

ग्रामीणों के अनुसार रिश्ते तय करने के दौरान भी गांव का नाम बताने में झिझक महसूस होती थी। अब गांव का नाम चंदनपुर होने से लोगों में गर्व और सम्मान की भावना पैदा हुई है। उन्हें लगता है कि अब उनकी पहचान सकारात्मक रूप में सामने आएगी।

ग्रामवासियों ने इस फैसले के लिए क्षेत्र के विधायक एवं मंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार जताया है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा कर उन्होंने गांववासियों की भावनाओं को समझा और पहचान को नया सम्मान दिलाया।
अब गांव के लोग उम्मीद कर रहे हैं कि नाम परिवर्तन के साथ-साथ चंदनपुर में सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी तेजी से विकास किया जाएगा, ताकि गांव सही मायनों में नई पहचान के साथ आगे बढ़ सके।





