March 4, 2026

कवर्धा में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 272 जोड़े एक साथ विवाह के पवित्र बंधन में बंधे

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत कबीरधाम जिले में 272 जोड़ों ने सामाजिक रीतियों और परंपराओं के साथ सामूहिक विवाह संपन्न किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय वर्चुअल माध्यम से जुड़े और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया। उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा और पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

सरदार पटेल मैदान में आयोजित इस समारोह में वर-वधु और उनके परिवारों का फूल माला और गले मिलकर स्वागत किया गया। पंडित द्वारा नवविवाहित जोड़ों को सात वचनों का संकल्प दिलाया गया और विवाह की रस्में संपन्न हुईं। उपमुख्यमंत्री ने प्रत्येक जोड़े को 35-35 हजार रुपये की सहायता राशि और आवश्यक सामग्री भेंट की

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करती है और बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कराती है। उपमुख्यमंत्री ने नवदंपतियों को जीवन में सुख, सम्मान और समर्पण के महत्व का संदेश दिया।

कार्यक्रम में पारंपरिक छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक देखने को मिली। वर-पक्ष के स्वागत के लिए वधु-पक्ष ने ‘डंडा खेल’ की प्रस्तुति दी, जिससे सामूहिक विवाह समारोह और भी भव्य और यादगार बन गया।