September 4, 2026

Kabirdham Ganja Smuggling: चिल्फी बॉर्डर पर गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा, कंटेनर के गुप्त चेंबर से 4.47 क्विंटल गांजा बरामद

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़ किया है। चिल्फी बॉर्डर पर कंटेनर ट्रक के गुप्त चेंबर से 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 23 लाख 75 हजार 250 रुपये बताई गई है।

गुप्त चेंबर में छिपाकर ले जा रहे थे गांजा

जानकारी के मुताबिक, 31 अगस्त को चिल्फी थाना पुलिस एनएच-30 पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बोडला की ओर से आ रहे एक कंटेनर ट्रक को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान ड्राइवर सीट के ऊपर बनाए गए गुप्त चेंबर का पता चला। इसमें खाकी टेप से लपेटकर पैकेटों में गांजा छिपाया गया था। पुलिस ने चेंबर से कुल 447.445 किलो गांजा बरामद किया।

पंजाब का आरोपी गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने बलजीत सिंह, निवासी अमृतसर, पंजाब को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजे के साथ करीब 27 लाख रुपये कीमत का कंटेनर ट्रक और 5 हजार रुपये का मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई

आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। वहीं एएनटीएफ की टीम तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।

इस बड़ी कार्रवाई पर आईजी राजनांदगांव रेंज अजय यादव ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया है।

SLUG: