कवर्धा। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत लालपुर नर्सरी के पास रविवार शाम एक अज्ञात युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
🔍 दो दिन पुराना बताया जा रहा शव
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शव करीब दो दिन पुराना हो सकता है। मृतक के गले और पेट पर चाकू से किए गए कई गहरे वार के निशान मिले हैं, जिससे युवक की बेरहमी से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने मौके का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही क्षेत्र के संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
👮 पुलिस बोली – जल्द होगी शिनाख्त
कवर्धा एडिशनल एसपी पुष्पेंद्र सिंह बघेल ने बताया कि,
“कोतवाली थाना अंतर्गत लालपुर नर्सरी के पीछे एक अज्ञात शव मिला है। शव लगभग दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।”
पुलिस के मुताबिक कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जल्द ही मृतक की पहचान कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
⚠️ लालपुर पहले भी रह चुका है सुर्खियों में
गौरतलब है कि वर्ष 2024 में लालपुर इलाके में गौ-सेवक साधराम की निर्मम हत्या हुई थी। उस मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया था और मुख्य आरोपी अयाज खान के घर के एक हिस्से को प्रशासन द्वारा ध्वस्त भी किया गया था।
एक बार फिर उसी क्षेत्र में हत्या जैसी वारदात सामने आने से लोगों में दहशत का माहौल है।





