कबीरधाम: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दहेज की आग में एक महिला की जान चली गई। मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि पति ने दहेज की मांग को लेकर पहले पत्नी की बेरहमी से पिटाई की और फिर उसे जहर पिलाकर मौत के घाट उतार दिया। मामला लोहारा थाना क्षेत्र के महाराटोला गांव का है।
⚠️ इलाज के बहाने छिपाने की कोशिश
जानकारी के मुताबिक घटना के बाद आरोपी पति जोहन साहू ने अपने जुर्म को छिपाने के लिए पत्नी लोकेश्वरी को लोहारा अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने महिला को जिला अस्पताल रेफर किया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और हत्या के आरोप में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया।
👨👩👧 मायके पक्ष ने लगाया ससुराल पर हत्या का आरोप
मृतका के परिजन एसपी कार्यालय पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर लोकेश्वरी के साथ मारपीट की और जहर पिलाकर उसकी हत्या कर दी।
परिजनों का कहना है कि घटना में आरोपी के माता-पिता की भी संलिप्तता है और उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए।
👮♂️ जांच में दोषी पाए जाने पर होगी कड़ी कार्रवाई
इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह बघेल ने बताया कि आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों की भूमिका की जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है और पुलिस आगे की विवेचना में जुटी है।
😢 गांव में मातम का माहौल
घटना के बाद महाराटोला गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों में भी घटना को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है।





