कवर्धा: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में खुद को एफसीआई का अधिकारी बताकर किराना व्यापारी से पिस्टल की नोक पर वसूली करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के छिरहा गांव का है, जहां आरोपी ने व्यापारी को चोरी का चावल खरीदने के झूठे आरोप में फंसाने की धमकी देकर 50 हजार रुपये ऐंठ लिए।
जानकारी के अनुसार आरोपी सचिन चड्ढा (47) पूर्व सैनिक है और रायपुर में एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी ऑफिसर के रूप में कार्यरत था। उसने खुद को फूड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (FCI) का बड़ा अधिकारी बताकर व्यापारी को डराया और पिस्टल दिखाकर रकम की मांग की।
पीड़ित व्यापारी पीतांबर गुप्ता ने घटना की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया, जहां पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लग्जरी कार (ग्रैंड विटारा), 0.32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल, दो मैग्जीन, 11 जिंदा कारतूस और वसूले गए पैसे बरामद किए हैं।
फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है और मामले की जांच जारी है।





