March 5, 2026

कवर्धा न्यूज़ अपडेट : भारतीय किसान संघ का चक्काजाम, गन्ने की कीमत बढ़ाने और धान खरीदी की तारीख आगे बढ़ाने की मांग

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में भारतीय किसान संघ ने गन्ने की कीमत बढ़ाने और धान खरीदी की अंतिम तिथि आगे बढ़ाने की मांग को लेकर कवर्धा-पंडरिया मुख्य मार्ग पर चक्काजाम किया। प्रदर्शन के कारण सड़क पर लंबी वाहनों की कतारें लग गईं और आम जनता को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा।

5 साल से स्थिर गन्ने का दाम
संघ के जिला अध्यक्ष डोमन चंद्रवंशी ने बताया कि स्थानीय शक्कर कारखानों में पिछले पांच वर्षों से गन्ने की कीमत में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। अन्य राज्यों में ₹500 प्रति क्विंटल तक दाम बढ़ चुके हैं। साथ ही शुगर मिल द्वारा पुराने भुगतान में देरी से किसानों में आक्रोश है।

धान खरीदी को लेकर उठाई मांग
संघ ने कहा कि अभी भी हजारों किसानों का धान केंद्रों तक नहीं पहुंच पाया है। उन्होंने सरकार से मांग की कि कोई भी पात्र किसान धान बेचने से वंचित न रहे और खरीदी की तिथि तुरंत आगे बढ़ाई जाए।

उग्र आंदोलन की चेतावनी
किसानों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि गन्ने की कीमतों और धान खरीदी पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो जिले में उग्र आंदोलन किया जाएगा। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी किसानों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन किसान अपनी मांगों पर अड़े हैं।